संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। राइस मिल ने धान क्रय केंद्र से उठान शुरू की, तो चिलौली क्रय केंद्र पर खरीद में फिर से तेजी आ गई है। इस क्रय केंद्र पर लक्ष्य से अधिक धान खरीद हो चुकी है।
शासन के निर्देश पर चिलौली रोड स्थित विपणन शाखा का धान क्रय केंद्र खुला है। यहां एक सप्ताह से बोरों की कमी व धान उठान न होने से परिसर में ढेर लग गया था। इसलिए धान खरीद धीमी गति से हो रही थी। तीन दिन पहले बारदाना न होने से धान की दो दिन खरीद ही नहीं हुई। ऐसे में किसान परेशान हो रहे थे। अधिकांश किसान ट्रैक्टर ट्राली में लदे बोरे वहीं छोड़कर जाने को मजबूर थे। सोमवार को राइस मिल ने 32 टन धान की उठान कराई। परिसर खाली रखने के लिए 16 टन धान रोजाना उठाने की व्यवस्था की। इससे परिसर जल्द खाली हो जाएगा। सोमवार को यहां आने वाले किसानों के धान की तौल कराई गई। एमआई संतोष कुमार ने बताया कि व्यवस्था बनाने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। इस केंद्र पर 5 हजार क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य था। अब तक 5500 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। पर्याप्त मात्रा में बारदाना भी मिल चुका है। किसी किसानों को कोई दिक्कत नहीं होगी।