फर्रुखाबाद। भारत विकास परिषद की महीयसी महादेवी शाखा के पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण किया। अतिथियों ने पदाधिकारियों से कहा कि वह समाज सेवा से नए आयाम स्थापित करें। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कादरीगेट स्थित एक प्रतिष्ठान पर हुए दायित्व ग्रहण समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएफओ पीके उपाध्याय, ब्रह्मवर्त प्रांत के अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी, प्रांतीय संरक्षक एवं शपथ अधिकारी विवेक कुलश्रेष्ठ, जिला समन्वयक रमेश चंद्र त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। विवेक कुलश्रेष्ठ ने नए पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई। नवनिर्वाचित शाखा अध्यक्ष अमरनाथ गुप्ता, सचिव अभिषेक श्रीवास्तव, वित्त सचिव अमित मिश्रा, तथा महिला संयोजक प्रीति रायजादा ने शाखा को सेवा क्षेत्र में अग्रणी बनाने का भरोसा दिलाया।
डीएफओ पीके उपाध्याय ने कहा कि परिषद की शाखाओं के पदाधिकारी नि:स्वार्थ समाजसेवा कर रहे हैं। यह सराहनीय कदम है। अशोक त्रिपाठी ने परिषद के नए नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में गौरांश मिश्रा, अंश शुक्ला, अन्वी शुक्ला, माही सक्सेना, खुशी आदि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। संयोजक गौरव मिश्रा, सौरभ गुप्ता, देवकुमार शर्मा, रविंद्र शुक्ला, पंकज सक्सेना, आलोक सक्सेना, शिवओम दीक्षित, अभिजीत राजपूत आदि मौजूद रहे। संचालन आलोक रायजादा ने किया।