फर्रुखाबाद। दि सन लाइब्रेरी स्टडी प्वाइंट कोचिंग सेंटर के सेप्टिक टैंक में हुए धमाके में बारूद था या नहीं, इसका असल सच जानने के लिए अब झांसी की बैलिस्टिक यूनिट जांच करेगी।
शीघ्र ही पांच सदस्यीय टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित करने फर्रुखाबाद आएगी। कादरीगेट थाने के सातनपुर-सेंट्रल जेल चौराहे रोड पर चार अक्टूबर की दोपहर तीन बजे भीषण धमाका हो गया था। इसमें छात्र आकाश सक्सेना और आकाश कश्यप की मौत हो गई थी, जबकि 10 अन्य घायल हो गए थे।
घायलों में दो का कानपुर में इलाज चल रहा है। इस धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि एक-डेढ़ किमी. तक आवाज सुनी गई। वहीं इसका मलबा काफी दूर तक बिखर गया था।
शासन ने घटना को गंभीरता से लेकर एटीएस लखनऊ के इंस्पेक्टर आनंद कुमार तिवारी, बम निरोधक दस्ता से जांच कराई थी। सूत्र बताते हैं कि इन दोनों ही जांच एजेंसियों ने सच जानने के लिए बैलिस्टिक जांच कराने की इच्छा जताई थी। इसी के चलते शासन ने प्रदेश की एकमात्र झांसी की बैलिस्टिक यूनिट को धमाके की जांच के निर्देश दिए।
इसमें पांच सदस्यीय टीम को लगाया गया है। सूत्रों की मानें तो एक-दो दिन में टीम घटनास्थल पर आकर बारूद का सच खंगालेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट शासन को ही भेजेगी।
बैलिस्टिक यूनिट एक विशेष शाखा है। वह आग्नेयास्त्रों (बंदूकों), गोला-बारूद से संबंधित जांच करके सच सामने लाती है। अब बैलिस्टिक जांच के बाद मृतक छात्रों और घायलों के परिजनों को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
एसपी आरती सिंह ने बताया कि बैलेस्टिक यूनिट आने की सूचना अभी मिली नहीं है। यूनिट अगर आ रही तो स्थानीय स्तर पर पूर्ण सहयोग किया जाएगा। (संवाद)
लोहिया अस्पताल में भर्ती अनुभव के सिर में खून के थक्के, किया रेफर
फर्रुखाबाद। कोचिंग सेंटर पर हुए धमाके में दो छात्रों की मौत और 10 घायल हुए थे। इनमें पांच का लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी हादसे में घायल कादरीगेट थाने के पपियापुर निवासी दीपक कुमार के पुत्र अनुभव (9) के सिर का सीटी स्कैन कराया गया। उसकी दादी मीरा राठौर ने बताया कि सर्जन बुधवार सुबह देखने आए थे।
उन्होंने सीटी स्कैन देखकर उसे रेफर कर दिया है। सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि अनुभव के सीटी स्कैन में सिर में खून के थक्के दिख रहे हैं। लिहाजा हायर सेंटर रेफर किया है। अन्य चारों छात्र-छात्राओं की हालत में सुधार होने है, उनकी छुट्टी की जाएगी। (संवाद)
फोटो-08,विस्फोट के बाद घटना स्थल पर की गई घेराबंदी।संवाद
फोटो-08,विस्फोट के बाद घटना स्थल पर की गई घेराबंदी।संवाद