फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य ने विभागीय समीक्षा की। खाद वितरण के अभिलेख अपूर्ण मिलने पर विक्रेता को नोटिस जारी करने, दूसरी दुकान पर बिना खतौनी खाद वितरण पर लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश दिए।
कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य कुलजीत सिंह ने कृषि से संबंधित सभी विभागों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कृषकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका निस्तारण किया जाए। आयोग के सदस्य ने नेकपुर खुर्द गोशाला का निरीक्षण कर भूसा, दाना आदि व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने गाय को गुड़ खिलाया। सहकारी समिति बरौन के अलावा खाद की दुकान का भी निरीक्षण किया। स्टॉक रजिस्टर, उर्वरक की उपलब्धता की जानकारी ली।
जाजपुर बंजारा स्थित कृषि फार्म में पौधरोपण किया। राजकीय बीज गोदाम मोहम्मदाबाद, हाईटेक नर्सरी देखकर दिशा निर्देश दिए। उन्होंने शहर के ठंडी सड़क स्थित राहुल खाद भंडार पर अभिलेख अपूर्ण मिलने पर नोटिस जारी करने और सिरौली में न्यू शिवशक्ति खाद भंडार पर खाद ले जाने वाले किसानों की खतौनी न मिलने पर लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश दिए। उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्र, सीवीओ डॉ. धीरज शर्मा, जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र वर्मा, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई, नलकूप, लघु सिंचाई आदि मौजूद रहे।