कमालगंज। बच्चों के साथ शिक्षक भी सर्दी की छुटिटयां मनाने लगे हैं। विद्यालय खोलकर स्कूली कार्य निपटाने व ग्राम पंचायत द्वारा स्कूल में कराए जा रहे कार्यों को देखने के निर्देश दिए जाने के बावजूद अनेक विद्यालयों में ताला जड़ा रहता है। इन शिकायतों के बाद शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी हकीकत जानने को निकले तो शिकायत सही पाई गई। पांच विद्यालयों में उन्हें बाहर से ताला पड़ा मिला। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों के 19 हेड मास्टर, शिक्षक व शिक्षा मित्र नदारद मिले। नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।
प्राथमिक विद्यालय नटों का नगला, पट्टिया छेदा सिंह, तकिया, सितौली व उच्च प्राथमिक विद्यालय सितौली में खंड शिक्षा अधिकारी रंगनाथ चौधरी को ताला जड़ा मिला। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि हेडमास्टर व शिक्षक विद्यालय नहीं आ रहे हैं। जिलाधिकारी ने शीत लहर को देखते हुए 30 दिसंबर तक 8वीं तक के बच्चों की छुट्टी के आदेश दिए थे। लेकिन विद्यालय खोलकर आवश्यक कार्य देखने व ग्राम पंचायत द्वारा कराए जाने वाले कार्य को देखते हुए स्कूल समय में शिक्षकों से मौजूद रहने को निर्देशित किया गया था। खंड विकास अधिकारी ने बताया क िजो परिषदीय विद्यालय बंद मिले, उनके प्रधानाध्यापक, शिक्षक को नोटिस दिया गया है। इसके बाद आवश्यक कारवाई प्रस्तावित करने के लिए निर्णय लिया गया।