फर्रुखाबाद। नार्दर्न रेलवे लखनऊ की टीम ने फर्रुखाबाद की टीम को दो गोल से हराकर राज्यस्तरीय हाकी प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। मुख्य अतिथि प्रभारी जिला जज भूपेंद्र सहाय ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
फतेहगढ़ में ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में चल रही राज्य स्तरीय हाकी प्रतियोगिता में रविवार को अंतिम दिन नार्दर्न रेलवे और फर्रुखाबाद टीम के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों में मैदान में कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंत में नार्दर्न रेलवे की टीम के खिलाड़ियों ने फर्रुखाबाद टीम को एक के मुकाबले तीन गोल से हराकर जीत हासिल कर ली। खिलाड़ी फरमान को मैन ऑफ द मैच से पुरस्कृत किया गया।
मुख्य अतिथि प्रभारी जिला जज ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्राफी दी। अपर जिला जज मोहम्मद मतीन खां एवं सिविल जज राजीव रंजन ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। बुजुर्ग खिलाड़ी इसरार अहमद व लक्ष्मी नरायन साहू को अवनीन्द्र सक्सेना ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
हाकी मैच के समापन अवसर पर जीजीआईसी की छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। संचालन निशीत सक्सेना ने किया। इस दौरान बलराम सिंह यादव, लक्ष्मण टंडन, कलाम आजाद सिद्दीकी, सेंटू यादव, अफजल खां, नदीम अहमद सिद्दीकी, रिंकू यादव, आदर्श मिश्र, सभासद रवीश द्विवेदी, गयासुद्दीन आसी, खान मोहम्मद तारिक, मोहन सक्सेना, मनोज, विनीत सक्सेना, प्रदीप जायसवाल, अनुसुइया दीक्षित, संतोष सक्सेना, मोहम्मद हलीम खां, मुजीब उल्ला खां मौजूद रहे।