मारपीट में दांत टूटने के मुकदमे में नामजद आरोपी ने दूसरे युवक को पुलिस से सांठगांठ कर जेल भिजवा दिया। वादी की शिकायत पर न्यायालय ने सोमवार को दरोगा को तलब किया और नामजद मुल्जिम के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अब युवक के खिलाफ दरोगा ने कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है।
गांव संतोषपुर निवासी रामबाबू सिंह के पुत्र गजेंद्र के साथ गांव के करु उर्फ करन सिंह व इसके भाई अनिरुद्ध सिंह ने मारपीट कर दांत तोड़ दिया था। इस मामले की गजेंद्र की मां पुष्पा देवी ने दोनों हमलावर भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अनिरुद्ध सिंह ट्रक चालक है।
इसके ट्रक पर गांव का युवक शिवम हेल्पर है। 26 दिसंबर 2016 को दरोगा सुधीर कुमार ने गांव में आरोपी के घर दबिश दी। पुलिस ने करु उर्फ करन सिंह को पकड़ लिया। अनिरुद्ध ने अपने हेल्पर शिवम को अनिरुद्ध बताकर दरोगा को सौंप दिया। दरोगा ने दोनों को कोर्ट में पेश किया।
न्यायालय ने उसे 14 दिन की रिमांड पर जेल भेज दिया। इसकी जानकारी होने पर पीड़िता पुष्पा देवी ने सोमवार को अदालत में प्रार्थना पत्र दिया। न्यायाधीश ने दरोगा को तलब किया और प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए। दरोगा ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है।