फर्रुखाबाद। राज्य सड़क परिवहन निगम लखनऊ के नोडल अधिकारी को रोडवेज बस स्टैंड पर गंदगी मिली। उन्होंने एआरएम से नाराजगी जताई। निरीक्षण में अनुबंधित दो बसें गंदी मिलीं, तो परिचालकों को फटकार लगाकर सवारियां बैठाने से रोक दिया।
उन्होंने ग्रीन बेल्ट में सीवर का जलभराव खत्म करने का प्रस्ताव बनाने को कहा।
ऩोडल अधिकारी श्यामबाबू गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे फतेहगढ़ कार्यशाला पहुंचे। यहां बसों की व्यवस्थाएं और साफ सफाई देखी।
उन्होंने पत्रावलियों की जांच भी की। दो बजे रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे। यहां ग्रीन बेल्ट के लिए छोड़ी गई जमीन पर सीवर का पानी भरा दिखाई दिया। यही नहीं पूर्वी गेट के पास लगी मिट्टी से उड़कर काफी गंदगी भी परिसर में आई। यह देखकर नोडल अधिकारी ने एईआरएम को खरीखोटी सुनाई।
कहा कि यह स्थिति ठीक नहीं है। नोडल अधिकारी जब निरीक्षण करने जा रहे थे, तो रास्ते में दो बसें गंदी दिखीं। उन्होंने दोनों बसों के परिचालकों और चालकों को बुलाकर जमकर फटकार लगाई। कहा कि जब तक सफाई नहीं हो जाती, सवारियों को लेकर नहीं जाएंगे।
ऩोडल अधिकारी ने बस स्डैंड की खाली जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को भी देखा। उन्होंने अधिकारियोंसे कहा कि जल्द समस्या का समाधान कराएं। उनके साथ क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल, एआरएम आरसी यादव, केंद्र प्रभारी जीपी पाठक आदि रहे।