फर्रुखाबाद। जिले के 19 केंद्रों पर हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में पहले ही दिन सात महिला समेत नौ कक्ष निरीक्षक ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। एडीएम अरुण कुमार सिंह ने शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा। कहा कि दो दिन में आख्या न देने पर उनके खिलाफ परीक्षा दायित्वों में उपेक्षा बरतने का दोषी मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अरुण कुमार सिंह ने आदेश में कहा कि छह जून के आदेश में जिला मजिस्ट्रेट ने जनता भारतीय इंटर कॉलेज भरखा के सहायक अध्यापक अनिल सिंह, मदनमोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज की सहायक अध्यापिका इंद्रा राठौर, कंपोजिट विद्यालय कमालुद्दीनपुर की सहायक अध्यापिका अल्का सिंह, कंपोजिट विद्यालय उजरामऊ की सहायक अध्यापिका मनीषा, प्राथमिक विद्यालय अलापुर द्वितीय की सहायक अध्यापिका ऋचा कटियार, अर्रापहाड़पुर सहायक अध्यापिका सौम्यता सिंह, मसेनी कन्या बेसिक स्कूल की सहायक अध्यापिका रश्मि शुक्ला, प्राथमिक विद्यालय भुड़िया भेड़ा की सहायक अध्यापिका दीपशिखा और भारतीय पाठशाला इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक प्रवीन कुमार की पुलिस परीक्षा में कक्ष निरीक्षक के लिए ड्यूटी लगाई थी। सभी नौ शिक्षक परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंचे। लिहाजा इस संबंध में अपना स्पष्टीकरण दो दिन में प्रधानाचार्य, खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराएं। स्पष्टीकरण आख्या उपलब्ध न कराने पर परीक्षा दायित्वों की उपेक्षा करने का दोषी माना जाएगा। इसके बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।