कोरोना टीकाकरण शुरू होने के साथ अभी बड़े स्तर पर तैयारी चल रही है। वैक्सीन सुरक्षित रखने के लिए नौ डीप फ्रीजर और भेजे गए हैैं।
कोरोना संक्रमण से निजात के लिए बड़े स्तर पर टीकाकरण की तैयारी की जा रही है। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण चल रहा है जबकि दूसरे चरण में सरकारी कर्मचारियों को पांच फरवरी से टीका लगना शुरू हो जाएगा।
इसके बाद 50 वर्ष से अधिक आयु वालों को, फिर आम जनता को टीका लगाया जाएगा। वैक्सीन रखने के लिए भी बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही है। सीएमओ कार्यालय परिसर स्थित जिला वैक्सीन स्टोर में बुधवार को कानपुर मंडल से नौ डीप फ्रीजर और भेजे गए हैं। स्टोर में दो डीप फ्रीजर पहले से हैं।
इसके अलावा सात बड़े व छह छोटे आइस लाइंड रेफ्रिजरेटर (आईएलआर) पहले भेजे गए थे। इनमें कोरोना वैक्सीन रखी गई है। प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.प्रभात वर्मा ने बताया कि नौ डीप फ्रीजर भेजे गए हैं।
इनमें दो वैक्सीन स्टोर में रखे जाएंगे, जबकि निर्देश मिलने के बाद शेष डीप फ्रीजर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भेजे जाएंगे।
गुरुवार को नौ अस्पतालों में टीकाकरण किया जाएगा। इसमें 1372 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य है। लोहिया महिला व पुरुष अस्पताल, लिंजीगंज सिविल अस्पताल के अलावा सीएचसी कमालगंज, मोहम्मदाबाद, नवाबगंज, शमसाबाद व राजेपुर में एक-एक पाली में टीकाकरण होगा।
वहीं बरौन सीएचसी पर दो पाली में टीका लगेगा। कायमगंज सीएचसी पर गुरुवार को टीकाकरण नहीं होगा।