फर्रुखाबाद। मकान कब्जा कराने के नाम पर रुपये लेने की बातचीत का आडियो वायरल होने के मामले में एसपी ने अचरा चौकी इंचार्ज अच्छेलाल पाल को लाइन हाजिर व सिपाही राजनारायण को निलंबित कर दिया है। मामले में सीओ कायमगंज को विभागीय जांच करने के आदेश दिए हैं।
मेरापुर थानाक्षेत्र के गांव कोला निवासी रवींद्र ने पांच भाई हैं। उसका भाइयों से सड़क की ओर मकान में हिस्सा लेने को विवाद चल रहा था। आरोप है कि रवींद्र ने अचरा चौकी के सिपाही राजनारायण के माध्यम से चौकी इंचार्ज अच्छेलाल को 24 हजार रुपये कब्जा कराने के लिए दिए थे लेकिन कब्जा नहीं हुआ। इस पर रवींद्र अपने रुपये वापस मांग रहा था। इस बीच सिपाही का तबादला दूसरे थाने में हो गया।
रवींद्र और सिपाही के बीच रुपये वापस मांगने को लेकर फोन पर बातचीत हुई। पुलिसकर्मियों से रुपये वापस न मिलने पर उसने बातचीत के पांच आडियो वायरल कर दिए। आडियो में सिपाही रुपये लेने व चौकी इंचार्ज को देने की बात स्वीकार कर रहा है। इसके बाद जिले के नोडल अधिकारी आईजी मोहित अग्रवाल ने पूरे मामले को संज्ञान में लेकर एसपी को कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। एसपी डॉ. अनिल मिश्रा ने सिपाही को निलंबित कर चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया है।