समाचारपत्र वितरक को दी जान की धमकी
फर्रुखाबाद। व्यापार मंडल फतेहगढ़ के अध्यक्ष के कर्मचारी को दिनदहाड़े दो दबंग युवकों ने रोक लिया। दबंगों ने तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी। आस पास के दुकानदारों ने एक युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। दूसरा साथी भाग गया। कर्मचारी ने दोनों के खिलाफ तहरीर दी है।
फतेहगढ़ व्यापार मंडल अध्यक्ष उमेश चतुर्वेदी की दुकान पर मोहल्ला नवदिया निवासी देवेंद्र कुमार मिश्रा काम करते हैं। देवेंद्र सुबह समाचारपत्र भी बांटते हैं। सोमवार सुबह देवेंद्र उमेश चतुर्वेदी के घर से चाबी लेकर दुकान खोलने जा रहे थे। रास्ते में जाफरी मोहल्ला निवासी युवक ने उन्हें रोक लिया। इसी बीच मोहल्ला ग्वालटोली निवासी दबंग भी आ गया। दोनों ने देवेंद्र से गाली गलौज की और तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी।
आसपास के दुकानदारों के शोर मचाने पर दबंग तमंचा लहराते हुआ भाग गया। दुकानदारों ने जाफरी निवासी युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। देवेंद्र ने दोनों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि जांच की जा रही है।