सिटी अस्पताल में हुई नवजात की मौत के मामले में एसीएमओ ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। मोहल्ला
नेकपुर निवासी विजय कटियार की पत्नी प्रीति को प्रसव पीड़ा होने पर परिवार
के लोग शहर के सिटी अस्पताल में 18 नवंबर 2013 को लेकर आए थे। यहां प्रीति
को भर्ती कर लिया गया। परिजनाें का आरोप है कि उसका सही से इलाज नहीं
किया गया।
आपरेशन के दौरान नवजात की मौत हो गई थी। इसकी शिकायत मिलने पर
विजय कटियार ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी जांच अपर निदेशक
स्वास्थ्य ने सीएमओ को सौंपी थी। सीएमओ ने इसकी जांच एसीएमओ डाक्टर राजवीर
सिंह, महिला अस्पताल की सीएमएस डा. सरोजवाला, डा. कमलेश शर्मा, डा. राजेश
तिवारी, डा. अखिलेश कुमार को जिम्मेदारी दे दी।
शुक्रवार को एसीएमओ डा.
राजवीर सिंह ने विजय कटियार, उनकी पत्नी प्रीति, भाई अजय कटियार और भाभी
संगीता के बयान दर्ज किए। एसीएमओ डा. राजवीर ने बताया कि विजय ने कुछ
बिंदु को शामिल करने की मांग की थी। उन्हीं बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
विजय और उनके परिवार के लोगों के बयान दर्ज कर लिए गए।