फर्रुखाबाद। जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 13 दिसंबर को जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी। इसमें 2,555 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश बाबू ने बुधवार को परीक्षा केंद्र प्रभारियों की बैठक कर दिशा निर्देश दिए। बताया कि सुबह 10.45 बजे छात्र गेट से प्रवेश करेंगे। परीक्षा 11.30 बजे शुरू होगी।
परीक्षा के लिए जिले के सीपी विद्या निकेतन कायमगंज, सूर्य कुमारी इंटर काॅलेज मंझना, फतेहगढ़ के एमआईसी, जीजीआईसी और जीआईसी, भारतीय पाठशाला मोहम्मदाबाद, कमालगंज के आरपी इंटर काॅलेज और फिरोजगांधी इंटर काॅलेज, शक्ति सैनिक इंटर काॅलेज मौधा केंद्र बनाए गए हैं। बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में सभी परीक्षा केंद्र प्रभारियों के साथ एडीआईओएस की मौजूदगी में बैठक हुई। नवोदय विद्यालय मोहम्मदाबाद के प्रधानाचार्य राकेश बाबू ने कहा कि प्रत्येक कमरे में 24-24 परीक्षार्थी होंगे। पेपरों के बंडल में 24 पेपर ही निकलेंगे। हर हाल में सीटिंग प्लान सही रखना है।
छात्र को उसके निर्धारित स्थान पर ही बैठाया जाएगा। यह कक्ष निरीक्षक और केंद्र व्यवस्थापक सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा सुबह 11.30 से दोपहर 1.30 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को सुबह 10.45 बजे केंद्र में जाने की अनुमति मिलेगी। 11 बजे तक छात्र कक्ष में पहुंच सकेंगे। 11.15 बजे उन्हें पेपर दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के स्तर से मजिस्ट्रेटों को भी तैनात किया गया गया है। सभी केंद्रों पर पैनी नजर रहेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि परीक्षा पर कड़ी निगरानी रहेगी। इसमें कोई भी शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी।