फर्रुखाबाद। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के निजी सचिव बृजेश तिवारी की शुक्रवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह शमसाबाद के गांव नगला कलार के मूल निवासी थे। वह बचपन से ही बरेली में रहे थे। पिता की मौत के बाद परिवार के साथ मां व भाई भी बरेली में रह रहे हैं।
शमासाबाद विकास खंड क्षेत्र के गांव नगला कलार रामलाल के पुत्र बृजेश तिवारी बचपन से ही बरेली के मोहल्ला जसोली श्मशान भूमि फाटक के निकट स्थित अपने चाचा होरीलाल तिवारी के साथ रहे थे। वहां उनकी खेती भी है। इससे वह वहीं के निवासी हो गए। पिता की मौत के बाद मां शारदा को भी वह परिवार के साथ रखने लगे। शनिवार को वह अपनी पारिवारिक बहन के ससुर की तेरहवीं में शामिल होने जनपद कन्नौज के गांव सढ़ियापुर गए थे।
रात में वापसी के दौरान जनपद शाहजहांपुर थाना जलालाबाद के मदनापुर बरुआ के निकट उनकी कार ट्रक से टकरा गई। इससे उनकी मौत हो गई। भांजे विकास दीक्षित ने बताया कि उनके मामा बृजेश तिवारी केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के साथ 30 वर्ष से रहते थे। परिवार में उनकी मां शारदा देवी, पत्नी मनीषा तिवारी, बेटा ऋषभ, बेटी गुंजन व भाई विपिन तिवारी भी बरेली में ही रहते हैं।