कायमगंज। गांव मोती नगला में हुई दिव्यांग की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस हत्याकांड में पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
31 मार्च की सुबह गांव मोती नगला निवासी दिव्यांग सर्वेश यादव की उसके चचेरे भाई सतेंद्र ने जमीन की रंजिश में गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसमें सर्वेश के पुत्र जीत सिंह ने मुख्य आरोपी सतेंद्र सहित 6 के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस सतेंद्र सहित 3 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गुरुवार को इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने जगदीश व जयवीर को रेलवे स्टेशन तिराहे के पास गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की सीएचसी में कोरोना की जांच के बाद मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया गया। छठा आरोपी नाबालिग है।