फर्रुखाबाद। महामारी का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। वृद्ध की मौत के बाद आई रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित होने का पता चला। उधर, गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में इस सीजन के सर्वाधिक 39 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। सभी संक्रमित शहर क्षेत्र के हैं। संक्रमितों में एक डाक्टर भी हैं। संक्रमण की जद में आए क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति है।
जनपद में कोविड नियमों का पालन न होने से कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। सार्वजनिक स्थानों पर अभी भी अधिकांश लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं। सामाजिक दूरी भी तार-तार है। यही कारण है कि मरीजों में शहर क्षेत्र के हैं। संक्रमितों में शहर के मोहल्ला सधवाड़ा निवासी 13 लोग, सेनापति निवासी युवक, सुभाष नगर निवासी महिला, चीनीग्रान निवासी वृद्ध, साहबगंज निवासी युवक, महिला, वृद्धा, लोहाई रोड निवासी अधेड़, आवास विकास कालोनी निवासी अधेड़ कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
वहीं फतेहगढ़ में कलक्ट्रेट कर्मी, मोहल्ला गाड़ीखाना निवासी 5 लोग, भोलेपुर निवासी युवक, महिला, वृद्धा, गीतापुरम निवासी महिला, सिविल लाइन निवासी युवक, राजा नगला निवासी वृद्ध, कमालगंज के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी वृद्ध डॉक्टर, कायमगंज के नीवलपुर निवासी महिला, मोहम्मदाबाद के नवादा दोयम निवासी वृद्ध, वीरपुर निवासी महिला कोरोना की चपेट में है। उधर, मोहल्ला सधवाड़ा में मरीजों का आंकड़ा 32 पहुंच गया है।
अमृतपुर क्षेत्र के गांव नगला हूसा निवासी वृद्ध को ब्रेन हैमरेज होने से तीन दिन पूर्व आवास विकास तिराहा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को परिजन सैफई ले गए। यहां कोरोना जांच के बाद भर्ती किया गया। बुधवार को वृद्ध की मौत हो गई। रिपोर्ट में वृद्ध को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जिले में कोरोना संक्रमण से मृतकों की संख्या 91 पहुंच गई। अब तक 4879 लोग बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। अभी जिले में 124 केस एक्टिव हैं।
कमालगंज। कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा के छिबरामऊ निवासी 31 वर्षीय शाखा प्रबंधक ने गुरुवार को जांच कराई। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्होंने सह कर्मियों को सूचना दी। कर्मचारियों ने बैंक में मौजूद लोगों को बाहर कर काम बंद कर दिया। शाखा प्रबंधक ने बताया कि बुधवार को वह बैंक गए थे। बुखार के साथ गले व सीने में दर्द हो रहा था। कर्मचारियों की जांच के बाद बैंक में काम शुरू किया जाएगा। उधर, याकूतगंज क्षेत्र के नगला पजाबा निवासी 43 वर्षीय शिक्षिका 18 वर्षीय पुत्र सहित सीएचसी में जांच कराने पहुंची। दोनों पॉजिटिव पाए गए। उन्हें होम आइसोलेशन की सलाह दी गई। लैब टेक्नीशियन राजीव कटियार ने बताया कि सीएचसी पर 32 लोगों ने जांच कराई। (संवाद)