नगरपालिका परिषद चालू वित्तीय वर्ष के बजट प्रस्ताव के जरिए विकास की राह
पर चल पड़ी है। बोर्ड बैठक में पास हुए प्रस्तावों में सड़क, सफाई, प्रकाश,
पेयजल सुलभ कराने के प्रस्तावों के जरिए जहां एक ओर आम जनमानस को लुभाने
का प्रयास किया वहीं लड़कियों के लिए स्कूल और अस्पताल में सुविधाओं को
बढ़ाकर सामाजिक दिशा में कदम बढ़ाए गए। कई प्रस्तावों पर जोरदार बहस के बाद
हरी झंडी मिली तो कई मुद्दों पर खूब सवाल-जवाब हुए।
सदर नगरपालिका
बोर्ड की बैठक शनिवार को चेयरमैन वत्सला अग्रवाल की अध्यक्षता में शुरू
हुई। बैठक में पहली बार आए सांसद मुकेश राजपूत का स्वागत किया गया। बीते
वित्तीय वर्ष का आय-व्यय ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि पिछले
वित्तीय वर्ष में करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये की बचत हुई है। चालू वित्तीय
वर्ष की योजनाओं पर चर्चा की गई। जलकल विभाग के प्रस्ताव के तहत शहर में
पेयजल व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए करीब 40 लाख रुपये से
सामान
खरीदने की योजना बनाई गई है। पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने के लिए 32 आदमियों
को ठेके पर रखा जाएगा। वहीं नगर में प्रकाश व्यवस्था के लिए उचित धनराशि
को ध्वनि मत से स्वीकृत कर लिया गया। सभासद असलम अंसारी, फरीदा ताहिर,
रजिया अंसारी ने शासनादेश का हवाला देकर सभासदों को निर्धारित मानदेय देने
का प्रस्ताव रखा। इस पर सभी ने सहमति जताई। सभासद रामजी बाजपेई ने ईओ
पालिका से जानकारी मांगी की जो सड़कें डूडा से बनाई गई हैं वह
हैंडओवर हुई
हैं अथवा नहीं। उन्होंने शहर में लगे मोबाइल टावरों से बढ़ते खतरे से सभी
को आगाह किया। सभासद रवीश द्विवेदी ने फतेहगढ़ क्षेत्र में पेयजल की
किल्लत, धर्मेंद्र कनौजिया ने संत गाडगे समिति आश्रम के लिए जमीन आवंटित
करने की मांग की। शहर के सीमा विस्तार के प्रस्ताव पर एमएलसी मनोज अग्रवाल
ने कहा कि सीमा विस्तार प्रस्ताव पर
शासनादेश का उल्लंघन हो रहा है। इसमें
संशोधन जरूरी है। पालिका के पदेन सदस्य व भाजपा सांसद मुकेश राजपूत पहली
बार बोर्ड की बैठक में पहुंचे। सांसद ने कहा कि वह वह शहर में विकास
कार्यों का भरपूर सहयोग करेंगे। उन्होंने शहर को सजाने और संवारने में
शहरियों से योेगदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने आसपास साफ सफाई
रखकर हमें बेहतर नागरिक होने की मिसाल प्रस्तुत करनी चाहिए। बैठक में ईओ
पालिका प्रमोद कु मार, रविंद्र कुमार, स्वास्थ्य अधिकारी आरसी सुंदरम,
रामकिशोर कमल, आदेश गुप्ता, रमला राठौर, संजय कटियार, अजरा खान आदि मौजूद रहे।