बरसात होने के चलते शनिवार रात पांचाल घाट पर जर्जर खड़ा हाईटेंशन लाइन का
पोल रविवार को टूट गया। इस पर राजेपुर और अमृतपुर पावर हाउस को बंद कर दिया
गया। दोनों पावर हाउस बंद रहने से डेढ़ सैकड़ा से अधिक गांवों की बिजली
रविवार को पूरे दिन गुल रही। बिजली कर्मचारियों ने पोल बदलने का कार्य शुरू
कर दिया है। देर रात तक आपूर्ति
शुरू होने की उम्मीद है। पांचाल घाट
पुल पर मेला श्री रामनगरिया द्वार के पास लगा 33 हजार वोल्ट लाइन का पोल कई
दिनों से जर्जर था। शनिवार रात हुई झमाझम बारिश के चलते पोल टूट गया। पोल
टूटने की सूचना मिलने पर बिजली विभाग ने राजेपुर और अमृतपुर पावर हाउस बंद
कर दिए। इससे अमृतपुर तहसील और ब्लाक राजेपुर क्षेत्र के डेढ़ सैकड़ा से
अधिक गांवों की बत्ती रविवार को पूरे दिन गुल रही। सूचना मिलने पर बिजली
कर्मचारियों ने मौके पर जाकर पोल को ठीक करना शुरू कर दिया। पूरे दिन बिजली
गुल होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली कर्मियों की
मानें
तो पोल बदलने में रात हो सकती है। इसके चलते राजेपुर और अमृतपुर
क्षेत्रों में देर रात बिजली आपूर्ति चालू होने की संभावना है। एसएसओ
उदयवीर ने बताया कि पोल बदलने का कार्य चल रहा है। देर रात तक राजेपुर और
अमृतपुर पावर हाउस चालू कर गांवों में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
हाईटेंशन लाइन में फाल्ट, बिजली ठप
गांव ममापुर में रेलवे क्रासिंग के पास स्थित डबल पोल से गुजरी हाईटेंशन
लाइन में शनिवार रात फाल्ट आ गया। रविवार को पावर हाउस शमसाबाद बंद करवाकर
कार्य शुरू करवाया गया। इससे पूरे ब्लाक क्षेत्र के एक सैकड़ा गांवों की
बिजली आपूर्ति ठप है।
शनिवार देर रात ब्लाक क्षेत्र के सैकड़ों गांवों
की बिजली गुल हो गई। रविवार को बिजली कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग करवाई तो
ममापुर गांव में क्रासिंग के पास स्थित डबल पोल से गुजरी हाईटेंशन लाइन में
फाल्ट मिला। जेई ने शमसाबाद पावर हाउस बंद करवाकर बिजली लाइन ठीक कराने का
कार्य शुरू करवाया। समाचार लिखे जाने तक लाइन ठीक किए जाने का
कार्य चल
रहा है। जेई मोहित लवलानी ने बताया कि ममापुर क्रासिंग के पास डबल पोल में
फाल्ट मिला था। फाल्ट ठीक करवाकर देर शाम तक आपूर्ति चालू करवा देंगे।