फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में अपने बेटे का एक्सरे कराने आई एक महिला लाइन में लगी थी। उसी समय पर्स से 15 सौ रुपये निकाल लिए। महिला की शिकायत पर पहुंची चौकी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, मगर कुछ पता नहीं चल सका। कादरीगेट थाने के गांव खानपुर निवासी हरियाली शुक्ला बुधवार सुबह पुत्र सोहन शुक्ला के हाथ का एक्सरे कराने आई थीं। वह प्रथम तल पर एक्सरे कराने की लाइन में लगी थीं। उसी समय किसी उचक्के ने उनके पर्स की चेन खोलकर उसमें रखे 15 सौ रुपये निकाल लिए। वह जब एक्सरे गेट पर पहुंचीं, तो पर्स आगे करने पर चेन खुली देख दंग रह गईं।
उन्होंने बैग देखा, तो उसमें से रुपये गायब थे। शोरगुल करने पर भी कुछ पता नहीं चल सका। पीड़िता ने अस्पताल की चौकी पहुंचकर सूचना दी। इस पर सिपाही सतेंद्र सिंह और रेनू चाहर पहुंची और सीसीटीवी कैमरे देखे। करीब एक घंटे तक देखने के बावजूद कोई भी संदिग्ध नहीं दिखा। (संवाद)