कमालगंज। सीएचसी में भर्ती प्रसूता की भाभी के पर्स में रखे आठ हजार रुपये चोरी हो गए। जानकारी पर महिला ने कक्ष में मौजूद एक तीमारदार पर आरोप लगा हंगामा कर यूपी 112 पुलिस बुलाई। पुलिस ने पूछताछ की। इसके बाद महिला ने खुद ही रुपये वापस कर दिए। हालांकि मामले में लिखित शिकायत पुलिस से नहीं की गई।
थाना क्षेत्र के गांव कोहनी नगला निवासी विमलेश कुमार की पत्नी सरिता बुधवार को सीएचसी में भर्ती थीं। यहां प्रसव के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। विमलेश कुमार की भाभी रामकांति प्रसूता की देखभाल के लिए उसके साथ कक्ष में थीं। रात करीब 11 बजे रामकांति ने अपना पर्स प्रसूता के सिर के पास रख दिया। वह कुछ काम से बाहर चली गई। इसी बीच कक्ष में दूसरे मरीज के साथ मौजूद एक महिला ने पर्स में रखे आठ हजार रुपये पार कर दिए। कुछ देर बाद बाहर से लौटी रामकांति ने पर्स से रुपये गायब देखे। उन्होंने पड़ोस में मौजूद महिला पर रुपये चोरी का आरोप लगाकर यूपी 112 पर सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर दोनों पक्षों से पूछताछ की। कुछ देर बाद महिला ने अपने पास रखे दो हजार रुपये दे दिए। बाकी रुपये घर से मंगाने के बाद गुरुवार सुबह वापस कर दिए। फार्मासिस्ट सुभाष चंद्र ने बताया कि महिला ने कहा था कि उसे पर्स पड़ा मिला है। पुलिस आने के बाद उसने रुपये वापस कर दिए थे। (संवाद)