बैंक से रुपये निकालने के बाद दलिया खरीदने गए एक रिटायर्ड शिक्षक की बाइक की डिग्गी से टप्पेबाजों ने 50 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को दो युवक रुपये निकालते दिखे। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।
शहर कोतवाली के भगुआनगला पांचाल घाट गांव निवासी रिटायर्ड शिक्षक कमलेश बाबू पांडेय ने 14 अक्तूबर को बद्रीविशाल डिग्री कालेज स्थित स्टेट बैंक शाखा से अपने खाते से 50 हजार रुपये निकाले थे। उन्होंने रुपये एक थैले में रखकर बाइक की डिग्गी में रख लिए। इसके बाद वह दलिया लेने चले गए।
वहां बाइक खड़ी करके वह दलिया खरीदने लगे। वापस आए, तो उन्होंने दलिया रखने के लिए डिग्गी खोली तो 50 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने तुरंत ही कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
दरोगा रामनिरंजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने पतंजलि स्टोर पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो उसमें दो युवक रुपये निकालते दिखे। पुलिस ने स्टेट बैंक शाखा के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले।
इसके बाद पुलिस ने दो युवकों को शक के आधार पर हिरासत में ले लिया। पी ड़ित ने बताया कि पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। पीड़ित रिटायर्ड शिक्षक ने बुधवार को भी कोतवाली में मुकदमा लिखने की गुहार लगाई। कोतवाल देवेंद्र दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।