फोटो-1 स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम फतेहगढ़ में बनी जिम में लगीं मशीनें। संवाद
फर्रुखाबाद। ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम के भारोत्तोलन भवन में आधुनिक जिम चालू कर दी गई है। जिम में युवा आने लगे हैं, हालांकि अभी जिम ट्रेनर की तैनाती नहीं की गई है। ट्रेनर की मांग के लिए पत्राचार कई बार किया जा चुका है।
वर्ष 2019 में खेल निदेशालय ने ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम के उच्चीकरण के लिए 5.14 करोड़ का बजट मंजूर किया था। इसके तहत स्टेडियम में वेटलिफ्टिंग (जिम), बैडमिंटन हॉल, वॉलीबॉल मैदान के साथ ही अन्य निर्माण कार्य हुए थे।
उच्चीकृत स्टेडियम वर्ष 2022 में जिला खेल विभाग को हैंडओवर कर दिया था। जिम में लगभग 76 लाख रुपये से ट्रेडमिल, बटरफ्लाई, साइकिलिंग आदि मशीनों के साथ ही डंबल आदि उपकरणों की खरीद की गई थी।
लगभग चार माह पहले डीएम के निर्देश पर आधुनिक जिम को चालू कर दिया गया। मौजूदा समय में जिम में 30 लोग पंजीकृत हैं। इनमें युवाओं की संख्या ज्यादा है। जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि पंजीकरण शुल्क 1000 रुपये रखा गया है। 800 रुपये प्रोत्साहन समिति व 200 रुपये राजस्व में जमा किए जा रहे हैं।
सोमवार को जिम ट्रेनर के लिए फिर खेल निदेशालय को पत्र भेजेंगे। सुबह छह बजे से साढ़े आठ और दोपहर तीन से सायं साढ़े पांच बजे तक जिम खोला जा रहा है।