स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनाव मैदान में उतरे तीन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला गुरुवार को 1220 मतदाता करेंगे। मतदान सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा। इसके लिए जिले में नौ मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पोलिंग पार्टियां मतदान स्थलों पर डेरा जमा लिया है। मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। जिला प्रशासन ने चुनाव की तैयारी पूरी करने का दावा किया है।
स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनाव मेें भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार, सपा प्रत्याशी पुष्पराज जैन और निर्दलीय प्रत्याशी रामनिवास शाक्य शामिल हैं। इनके लिए जिले के सातों ब्लॉकों, नगर पालिका फर्रुखाबाद और जिला पंचायत कार्यालय को मतदान स्थल बनाया गया है।
मतदान स्थल पर पानी, प्रकाश की व्यवस्था की गई है। ब्लॉक स्तर पर 1059, नगर पालिका क्षेत्र के 64, नगर पंचायत क्षेत्र के 56 और जिला पंचायत क्षेत्र के 41 मतदाता मतदान करेंगे। पोलिंग पार्टियां और मतपत्र बुधवार को मतदान स्थल पर पहुंच गए हैं। मतदान के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
इसके लिए जिला प्रशासन ने सीसीटीवी लगवाए हैं। हर ब्लॉक कार्यालय और नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद तथा जिला पंचायत कार्यालय में मतदान कराने के लिए बैरीकेडिंग कराकर पुलिस बल तैनात किया गया है। चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आए प्रेक्षक भ्रमण करेंगे। मतगणना 6 मार्च को होगी।
कमालगंज ब्लॉक और नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद कार्यालय में बनाए गए बूथ पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को एमएलसी चुनाव के लिए अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की। इसमें डीएम ने कहा कि कमालगंज ब्लॉक क्षेत्र में 213 मतदाता सर्वाधिक हैं।
नगर पालिका फर्रुखाबाद कार्यालय में बनाए गए बूथ पर 38 मतदाता हैं, जो सबसे कम हैं। इस कारण इन दोनों बूथों पर विशेष नजर रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। प्रेक्षक कामता प्रसाद राही ने कहा कि किसी मतदाता के साथ अप्रिय व्यवहार न किया जाए। एसपी राजेशकृष्ण ने कहा कि बूथ वाले क्षेत्र के थानाध्यक्ष व कोतवाल मतदान केंद्र पर कड़ी नजर रखेेंगे। मतदान केंद्रों से 200 मीटर की दूरी के अंदर मतदाता के अतिरिक्त किसी को प्रवेश न दिया जाए।