कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण से छूटे स्वास्थ्य व फ्रंट लाइन वर्कर को गुरुवार को टीका लगवाने का अंतिम मौका है। इसके अलावा 1129 स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरे डोज का टीका लगाया जाएगा। पुलिस लाइन सहित 11 स्थानों पर टीकाकरण के लिए बूथ बनाए गए हैं।
जनपद में कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण में सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग, फिर अन्य विभागों के फ्रंट लाइन वर्कर का टीकाकरण कराया गया। इसके लिए पोर्टल पर कुल 12601 अधिकारी व कर्मचारियों की फीडिंग कर टीका लगवाने के लिए उनके मोबाइल पर मैसेज भेजे गए।
अभी तक 8585 कर्मचारी व अधिकारियों ने टीका लगवाकर खुद को सुरक्षित किया है। जबकि 4016 कर्मचारी टीका लगवाने नहीं पहुंचे। गुरुवार को छूटे हुए सभी कर्मचारियों को टीका लगवाने का अंतिम मौका दिया जा रहा है। इस बार भी यदि चूक गए तो उन्हें दोबारा टीका लगवाने का मौका नहीं मिलेगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रभात वर्मा ने बताया कि 28 जनवरी को पहला टीका लगवाने वाले 1129 स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी डोज का टीका लगाया जाएगा। पुलिस कर्मियों की सुविधा के लिए पुलिस लाइन में अलग से बूथ लगाया जाएगा।
लोहिया अस्पताल पुरुष में 37, महिला में 72, सिविल अस्पताल लिंजीगंज में 101, सीएचसी बरौन में 120, कायमगंज में 153, शमसाबाद में 166, नवावगंज में 146, राजेपुर में 85, कमालगंज में 123 व सीएचसी मोहम्मदाबाद में 124 लोगों को दूसरे डोज का टीका लगाया जाएगा। इन्हीं अस्पताल में छूटे हुए कर्मचारियों को भी टीका लगाया जाएगा।