विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा में जिले के कई अधिकारी
गांवों में कराए गए विकास कार्यों की रिपोर्ट देने में फेल हो गए। इससे
नाराज राज्यमंत्री ने अफसरों की फटकार लगा दी। अफसरों को हिदायत देते हुए
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार कीलापरवाही न बरती जाए।
युवा
कल्याण, खेल तथा समग्र विकास विभाग के राज्यमंत्री रामकरन आर्य ने मंगलवार
को विकास भवन सभागार में अफसरों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की।
लोहिया गांवों में कराए गए विकास कार्य और सरकार की योजनाओं के दिए गए
लाभों की जानकारी की। कई अधिकारी गांवों में कराए गए विकास कार्यों की सूची
भी नहीं दे सके। इससे राज्यमंत्री खफा हो गए।
इन्हाेंने अफसरों की फटकार
लगा दी। राज्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में अफसर दिलचस्पी नहीं ले
रहे हैं। इस तरह की स्थिति पर कार्रवाई हो सकती है। मंत्री ने अधिकारियों
को सरकार की योजनाओं का पात्रों को लाभ दिए जाने और विकास कार्य कराए जाने
की सलाह दी। इस दौरान जिलाधिकारी एनकेएस चौहान, सीडीओ एसएन शुक्ला, पीडी
डा. डीआर विश्वकर्मा समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
सड़क निर्माण में मानक में बरती गई अनदेखी
युवा कल्याण, खेल एवं समग्र विकास राज्यमंत्री रामकरन आर्य के लोहिया गांव
अजमतपुर के औचक निरीक्षण में पीडब्लूडी विभाग के कराए गए कामों की पोल खुल
गई। छह माह पूर्व निर्माण कराई गई सड़क जर्जर व खस्ताहाल मिली। सड़क की
गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। यह देख राज्यमंत्री ने सीडीओ को जांच के निर्देश
दिए हैं।
लोहिया गांव अजमतपुर का निरीक्षण करने पहुंचे राज्यमंत्री ने
पूर्व माध्यमिक विद्यालय में ग्रामीणों को बुलाकर विकास योजनाओं का भौतिक
सत्यापन किया। उन्हें प्राइमरी स्कूल में पंजीकृत 242 और पूर्व माध्यमिक
विद्यालय में पंजीकृत 105 बच्चों को छात्रवृत्ति दिए जाने की जानकारी दी
गई। गांव में आंगनबाड़ी केंद्र चलने की लोगों ने पुष्टि की। गांव में बने
25 लोहिया आवासों का सत्यापन लाभार्थियों से पूछकर किया गया।
परियोजना
निदेशक डा. डीआर विश्वकर्मा ने वृद्धावस्था, विकलांग, विधवा पेंशन का
सत्यापन ग्रामीणों को बुलाकर कराया। लोहिया गांव में 37 समाजवादी पेंशन के
पात्र लोगों से मंत्री ने खुद जानकारी ली। लोहिया आवास, हैंडपंप, स्वच्छ
शौचालय, आंतरिक गलियां, तालाब का निरीक्षण किया।
गांव के प्रवेशद्वार
पर सड़क का छह माह पूर्व लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कराया गया था।
यह सड़क जर्जर हालत में मिली। सड़क कई जगह से टूटी थी। यह देख राज्यमंत्री
ने सीडीओ को सड़क निर्माण में बरती गई अनदेखियों की जांच कराए जाने के
निर्देश दिए हैं। इस दौरान अधिकारी और सपा के नेता मौजूद रहे।
बहुउद्देशीय हाल की स्थिति मिली खराब
राज्यमंत्री को स्टेडियम के बहुउद्देशीय हाल की स्थिति खराब मिली। फतेहगढ़
स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में बने बहुउद्देशीय हाल में
लाखों रुपये खर्च कर लकड़ी बिछवाई गई थी। छत से बरसात के समय पानी टपकने
के कारण लकड़ी सड़ने लगी है।
मंगलवार को निरीक्षण करने पहुंचे राज्यमंत्री
यहां की स्थिति देख वह हैरान रह गए। मंत्री ने कहा कि पानी टपकने से लकड़ी
खराब हो रहीं है। अभी इसे सही कराने में दस हजार रुपये का खर्चा है। लेकिन
इसी तरह अनदेखी रही तो कुछ समय बाद लाखों रुपये खर्च होंगे। मंत्री ने जिला
क्रीड़ाधिकारी को हाल सही कराने के निर्देश दिए। जिला क्रीड़ाधिकारी ने
मंत्री से कहा कि स्टेडियम की भूमि पर पुलिस विभाग व अन्य लोगों ने कब्जा
कर लिया है। मंत्री ने कहा जो भूमि है उसकी सही से देखभाल करो।