राजेपुर। मोबाइल शॉप की दुकान मेें नकब लगाकर चोर हजारों रुपये के उपकरण चुरा कर चंपत हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पहुंच कर जांच पड़ताल की। दुकानदार ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। थाना क्षेत्र के गांव खाखटमऊ दहेलिया निवासी धीरू सिंह की जमापुर तिराहा पर निशा टेलीकॉम के नाम से दुकान है।
रविवार की शाम धीरू दुकान बंद कर घर चले गए। रात के समय चोरों ने दुकान के पीछे नकब लगा दिया और दुकान के अंदर घुस गए। वह लाखों के उपकरण चोरी कर ले गए। सोमवार की सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो उसे चोरी की जानकारी हुई। दुकान से चोरी की बात आग की तरह फैल गई।
मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। दुकानदार ने बताया कि चोर उनके यहां से दो विडियो कैमरे, 25 मोबाइल समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। दुकानदार का कहना था कि चोर करीब दो लाख का माल ले गए है। घटना की तहरीर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।