कायमगंज। मंडी समिति क्रय केंद्र पर बाजरा खरीद लक्ष्य से काफी पिछड़ गया है। एक अक्तूबर से शुरू हुई बाजरा खरीद में 16 हजार क्विंटल के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 11,987.50 क्विंटल की ही खरीद हो सकी है। हालांकि मक्का की खरीद 2,620 क्विंटल के साथ लक्ष्य के अनुरूप पूरी कर ली गई है। वहीं एक नवंबर से शुरू हुई धान खरीद भी सुस्त गति से चल रही है।
धान का लक्ष्य 16 हजार क्विंटल निर्धारित है लेकिन अब तक मात्र करीब 9 हजार क्विंटल की ही खरीद हो पाई है। बीते सप्ताह कई दिनों तक अवकाश रहने और टिनशेड पूरी तरह भर जाने के कारण धान की तौल नहीं हो सकी। इससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति यह रही कि किसान धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां क्रय केंद्र पर छोड़कर चले गए। इससे धान में नमी आने की आशंका बढ़ गई। कई किसान 15-15 दिनों से तौल के लिए चक्कर काट रहे थे। मंगलवार को दो ट्रकों के माल का उठान होने से टिनशेड में कुछ स्थान खाली हुआ। इसके बाद बुधवार से तौल दोबारा शुरू हो सकी। इससे किसानों ने राहत की सांस ली।
धान खरीद में हो रही देरी को लेकर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी। केंद्र प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि उठान न होने से टिन शेड भर गए थे। इससे तौल प्रभावित हुई। अब उठान शुरू हो गया है और लक्ष्य पूरा करने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है।