फोटो-23, प्रतियोगिता के दौरान ड्रिल करते एनसीसी कैडेट्स। स्रोत: एनसीसी
फर्रुखाबाद। 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के तत्वावधान में चल रहे संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन कैडेट्स की प्रतिभा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स के मध्य हुई ड्रिल प्रतियोगिता में म्युनिसिपल इंटर कॉलेज (एमआईसी) फतेहगढ़ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरा स्थान डीएन कॉलेज को मिला।
कैंप कमांडेंट कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ के निर्देशन में हुई प्रतियोगिता में एमआईसी फतेहगढ़, जीआईसी फतेहगढ़, डीएनपीजी कॉलेज, आरपी डिग्री कॉलेज, आरपी इंटर कॉलेज, एसएनएम इंटर कॉलेज कायमगंज, हीरालाल कॉलेज छिबरामऊ, जेडीजे इंटर कॉलेज छिबरामऊ, एसपीएस इंटर कॉलेज राजेंद्र नगर, बीआर इंटर कॉलेज मोहम्मदाबाद, आर्मी पब्लिक स्कूल तथा सीपीवीएन इंटर कॉलेज कायमगंज के कैडेट्स ने हिस्सा लिया।
ड्रिल प्रतियोगिता का मूल्यांकन आरआरसी फतेहगढ़ के ड्रिल इंस्ट्रक्टर कृष्ण कुमार, चीफ ऑफिसर सतीश चंद्र यादव तथा ट्रेनिंग जेसीओ गिरिराज किशोर ने किया। विजेता टीम को बधाई देते हुए कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ ने कैडेट्स को अनुशासन बनाए रखते हुए और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। कैंप एडज्यूटेंट कैप्टन गिरिजा शंकर ने कैडेट्स को आरडीसी परेड की तैयारी के लिए निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। इससे पूर्व किला घाट पर 500 एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों और पीआई स्टाफ ने योगाभ्यास किया। शिवाय योग पीठ के योगाचार्य अमित सक्सेना ने प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया।