फतेहगढ़ में दुकानें बंद कराते सिटी मजिस्ट्रेट व पुलिस कर्मी।
- फोटो : FARRUKHABAD
एक तरफ की दुकानें बंद कराने पर व्यापारी पहुंचे डीएम के पास
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़-कानपुर रोड की तरह कोतवाली से कचहरी जाने वाली रोड चौड़ी है। इस रोड की सभी दुकानें शुक्रवार को खुलीं तो पुलिस ने एक तरफ की बंद करा दीं। इस पर व्यापारी जिलाधिकारी के पास पहुंचे। जिलाधिकारी ने कहा कि खुद मौका देखकर दुकानें खुलवाने का निर्णय लेंगे।
कोतवाली से कचहरी जाने वाला मार्ग चौड़ा है। दो जून से यहां दोनों ओर दुकानें खुल रही थीं। उधर चूड़ी वाली गली जहां जगह कम है, लेकिन सब दुकानदार दुकानें खोलने लगे। पुलिस ने बंद कराया तो कुछ व्यापारियों ने गुरुवार को कचहरी रोड की दुकानें भी एक तरफ की बंद कराने का दबाव बनाया।
इससे पुलिस ने कचहरी रोड की भी एक तरफ की दुकानें बंद करा दी थीं। इस पर व्यापारियों ने विरोध कर हंगामा किया। शुक्रवार को पुलिस ने एक ओर की दुकानें खुलने दीं और दूसरे ओर की बंद करा दीं।
चौड़ी सड़क होने के बाद भी दोनों ओर की दुकानें खोलने से रोके जाने से नाराज व्यापारी नेता उमेश चतुर्वेदी, हाजी अल्लादीन, मुन्नालाल वार्ष्णेय समेत चार लोग डीएम से मिले। व्यापारी नेताओं के समस्या बताने पर जिलाधिकारी ने कहा कि वह निरीक्षण करा लेंगे। इसके बाद दुकान खोलने के संबंध में जानकारी दे दी जाएगी।