आम से भरा ट्रक लेकर व्यापारी चंपत
कायमगंज। नगर से सटे गांव पितौरा निवासी फल सब्जी आढ़ती का एक ट्रक आम लेकर हरियाणा का एक व्यापारी रफूचक्कर हो गया। आढ़ती ने व्यापारी व ट्रक चालक पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
गांव पितौरा निवासी इफ्तिखार खां की मंडी समिति में फल सब्जी की आढ़त है। हरियाणा के नूह क्षेत्र का एक व्यापारी पिछले सप्ताह उनकी आढ़त पर आया। उसने कई ट्रक माल खरीदा और हरियाणा की मंडी में भेज दिया। इसका वह भुगतान भी करता रहा। 24 जून को व्यापारी ने एक ट्रक आम लोड कराया, जिसकी कीमत 3 लाख 66 हजार थी।
व्यापारी ने ट्रक लोड कराकर रवाना कर दिया और कुछ देर बाद बिना भुगतान के ही वहां से खिसक लिया। काफी देर बाद आढ़ती का माथा ठनका तो ट्रक का पीछा कर धुमरी एटा में पकड़ लिया। आढ़ती ने ट्रक हरियाणा की दूसरी मंडी में भेज दिया। वहां पर व्यापारी ने ट्रक चालक से साठगांठ कर माल को कब्जे में ले लिया और बेच दिया।
आढ़ती ने आम व्यापारी व नवाबगंज क्षेत्र के ट्रक चालक पर आरोप लगाते हुए सीओ राजवीर सिंह गौर को तहरीर दी। इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने बताया व्यापारी व आढ़ती के बीच लेनदेन का मामला है। दोनों से बातचीत के आधार पर मामला निपटाया जाएगा।