फोटो-1 लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में मंदबुद्धि महिला को समझाती पुलिस। संवाद
फर्रुखाबाद। पांचाल घाट चौकी के पास बुधवार रात एक अचेत मानसिक बीमार महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके साथ मौजूद तीन बच्चों को उसी रात चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया था। बृहस्पतिवार सुबह महिला ने अपने बच्चों को न देखकर अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
करीब साढ़े आठ बजे 25 साल की महिला ने हंगामा शुरू कर दिया। उसने वाइपर लेकर स्वास्थ्य कर्मियों को दौड़ाया और इमरजेंसी में घुसकर स्टूल उठाकर मारने का प्रयास किया। ड्यूटी स्टाफ नर्स और वार्डबॉय शिवकुमार ने उसे शांत करने की कोशिश की, पर वह आगबबूला हो गई। महिला ने दवाई की मेज फेंकने का भी प्रयास किया और महिला अस्पताल की तरफ भागने लगी। चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ज्योति शर्मा ने बताया कि बुधवार रात उनके सहयोगी अमित शुक्ला और रीना दुबे ने बच्चों को अपने अंडर में लिया था। ये बच्चे शाहजहांपुर के थाना व कस्बा अल्हागंज निवासी पिंटू के पुत्र सूरज (पांच), परी और रितिक हैं। महिला के हंगामे की सूचना पर बृहस्पतिवार सुबह बच्चों को फिर से उसके पास पहुंचाया गया, सूचना पाकर पहुंचे सीएमएस ने गार्डों के सहयोग से इंजेक्शन लगवाए तब वह शांत हुई। सीएमएस ने बताया कि महिला को बरेली के मंदबुद्धि अस्पताल भेजने की तैयारी चल रही है। बताया कि बच्चों को अंततः चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा जाएगा।