नवाबगंज। जिलाधिकारी कार्यालय से मिली शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को नवाबगंज थाना क्षेत्र के सिरौली गांव में डॉ. रोहित कुमार यादव की दवा की दुकान पर छापे की कार्रवाई की। औषधि निरीक्षक स्वागतिका घोष पुलिस बल के साथ दोपहर करीब 2:20 बजे मौके पर पहुंचीं। दुकान बंद मिली और उस पर एक ताला लगा था।
आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि दुकान सुबह खुली थी लेकिन बाद में बंद कर संचालक चला गया। टीम ने दुकान पर प्रदर्शित मोबाइल नंबर पर संपर्क कर डॉ. रोहित यादव को मौके पर बुलाया, लेकिन उन्होंने उपस्थित होने से मना कर दिया। इसके बाद दुकान मालिक शिवम कुमार की मौजूदगी में दुकान पर दूसरा ताला लगाकर चाबी उनकी सुपुर्दगी में दे दी गई। बाद में दुकान को अग्रिम आदेश तक सील कर दिया गया।