फर्रुखाबाद। माध्यमिक शिक्षा विभाग के 17 अनुदानित इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों ने एमडीएम योजना के तहत शासन के आदेश पर दिए गए धन व खाद्यान्न का बच्चों को वितरण करने की रिपोर्ट नहीं दी है। इससे लाभांवित बच्चों का डाटा मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पा रहा है। इसको लेकर बीईओ ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेज कर प्रधानाचार्यों से रिपोर्ट दिलाने की मांग की है।
वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण को लेकर विद्यालय बंद रहे। इससे एमडीएम योजना के तहत कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को खाद्यान्न मुहैया कराने व कन्वर्जन कास्ट बच्चों के खातों में भेजने का आदेश आया था। इसके तहत मिले बजट से परिषदीय, अनुदानित एवं राजकीय इंटर कॉलेज व अनुदानित इंटर कॉलेज में कक्षा एक से आठ तक पढ़ने वाले बच्चों को कन्वर्जन कास्ट देने के लिए विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में धन भेजा गया था। खाद्यान्न मुहैया कराने को प्राधिकार पत्र भेजे गए थे। लाभांवित बच्चों की रिपोर्ट बीआरसी पर देने का आदेश था।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के 17 अनुदानित कॉलेजों के प्रधानाचार्य ने अभी तक लाभांवित छात्रों की रिपोर्ट बीआरसी पर उपलब्ध नहीं कराई। जिससे मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सकी। बीईओ मोहम्मदाबाद रंगनाथ चौधरी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेज कर प्रधानाचार्यों से रिपोर्ट दिलवाने को कहा है। ताकि मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड कर डीएम को रिपोर्ट दी जा सके।