फर्रुखाबाद। रोडवेज बस अड्डा पर ससुराल जाने के लिए खड़ी एक विवाहित युवती से युवक अभद्रता करने लगा। बात इतनी बढ़ी कि उसने धक्का-मुक्की कर दी। उसके चिल्लाने पर रोडवेज कर्मी ने युवक को रोका तो वह हाथापाई पर उतर आया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। युवक एक सिपाही का दोस्त निकला। सिपाही युवक को अपने साथ ले गया।
शहर के मोहल्ला खटकपुरा निवासी एक विवाहित युवती शाम करीब चार बजे रोडवेज बस अड्डा पर ससुराल जाने के लिए पति के साथ पहुंची। वहीं मोहल्ले का ही एक युवक आ गया। वह युवती से बातचीत करने लगा। युवक ने दिव्यांग पति को देख लेने की धमकी दी तो वह बिफर गई। इस पर युवक ने युवती को धक्का दे दिया। युवक की अभद्रता देख पूछताछ घर में बैठा एक रोडवेज कर्मी पहुंच गया। उसने युवक को गाली-गलौज करने से रोका तो वह गालियां देने लगा। भीड़ के सामने युवती से अभद्रता पर लोगों ने युवक को पकड़ लिया।
सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो युवक एक सिपाही का दोस्त निकला। युवक अभद्र भाषा में बात करता रहा, मगर पुलिस कर्मियों ने कड़ाई से रोकने का प्रयास नहीं किया। बाद में युवक को सिपाही अपने साथ लेकर चला गया। कुछ देर बाद युवती भी वहां से चली गई। सरेआम युवती से अभद्रता को लेकर यात्रियों में खासा आक्रोश दिखा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाद में कोतवाली में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।