नवाबगंज। दबंग भाजपा नेता ने मोबाइल ठीक नहीं कर पाने पर मोबाइल मैकेनिक को दुकान में घुसकर पीटा। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और पीड़ित को जांच करने की बात कहकर टरका दिया।
थाना क्षेत्र के गांव मंझना निवासी हरि जाटव की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। गांव के ही दबंग भाजपा नेता ने उसे मोबाइल सही करने के लिए दिया था। मोबाइल में कई कमी होने से हरि ठीक नहीं कर सका।
उसने ये जानकारी भाजपा नेता को दी। इस पर भाजपा नेता ने मंगलवार को दुकान के अंदर घुसकर हरि को पीट दिया। भाजपा नेता ने जाते समय पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है।
पीड़ित ने थाने में भाजपा नेता के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल दुकानदार का मेडिकल भी नहीं कराया। एसओ राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।