फर्रुखाबाद। शहर के चौक स्थित एक होटल में शनिवार सुबह उस समय चीखपुकार मच गई, जब कुछ पड़ोसियों ने लामबंद होकर हमला बोल दिया। होटल मालिक, पत्नी और उसके पुत्र को जमकर पीटा। घबराए माता-पिता ने पुत्र को कमरे में बंद करके ताला लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरा खुलवाकर उसे निकाला, तो उसने हकीकत बताई। मां बोली, प्लीज मुझे कुछ कार्रवाई नहीं करनी। यह लोग मेरे बेटे को मार डालेंगे।
दबंगई का दृश्य शनिवार को शहर के बीचोंबीच देखने को मिला। एक होटल की छत पर कुछ बन रहा था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे पड़ोसी दबंग होटल में पहुंचे। तीसरी मंजिल पर मौजूद होटल मालिक, उनकी पत्नी और पुत्र के साथ तूतू-मैमै शुरू हुई। बात बढ़ी, तो दबंगों ने हमला बोल दिया। दंपति और पुत्र को जमकर पीटा। इस दौरान मौका मिलते ही मां ने बेटे को एक कमरे में बंद करके ताला लगा दिया। मारपीट से घबराए राज-मिस्त्री और मजदूर नीचे भाग खड़े हुए। आंगन में खड़े ही थे कि मारपीट के बाद नीचे पहुंचे दबंग मजदूरों पर भी हमलावर हो गए। उन्हें धक्कामुक्की, गालीगलौज करके भगा दिया।
घटना के दौरान सड़क के दुकानदार तमाशबीन रहे। कमरे में बंद बेटे ने मोबाइल से यूपी 112 को सूचना दे दी। कुछ ही देर में बाइक सवार दो सिपाही पहुंचे। वहां दंपति सब कुछ निपट जाने की बात कह रहे थे। नीचे उतर ही रहे थे कि कमरे में बंद पुत्र ने दोबारा यूपी 112 को फोन कर दिया। इस पर कमरे का ताला खुलवाया गया, तो पुत्र ने हकीकत बताई। इस पर मां अपने बेटे से चिपट गई। बोली, बेटे मैं तुमको खोना नहीं चाहती। यह लोग बदमाश हैं। मार डालेंगे तुझे। मैं तो कहीं की नहीं रहूंगी।
यूपी 112 के स्टाफ ने कोतवाली से पुलिस बल बुला लिया। बाद में व्यापार मंडल आदि के कई नेता पहुंचे और मामला रफा-दफा करवा दिया। हालांकि हाईप्रोफाइल मामला होने की वजह से बाजार में काफी देर तक हलचल रही। कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि कोई तहरीर नहीं आई है। यदि तहरीर आएगी, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।