बिना मास्क के पहुंचे कई वोटर, धक्का मुक्की
फर्रुखाबाद। सरफाबाद में वोटरों की लंबी लाइन को सही कराने में पुलिस के पसीने छूट गए। पुलिस को कई बार लाठियां फटकारनी पड़ीं। भीड़ में लोग बिना मास्क लगाए धक्कामुक्की कर रहे थे। गलियों मेें खड़े लोगों को हटाने के लिए सिपाहियों को दौड़ भी लगानी पड़ी।
कमालगंज ब्लाक की ग्रामसभा सरफाबाद में गुरुवार सुबह वोट डालने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग गईं। लाइनें इतनी लंबी थीं कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। बाहर की लाइन में लगे लोग धक्का मुक्की कर रहे थे। वहां मौजूद फोर्स के समझाने के बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं थे। बहुत से वोटर बिना मास्क के लाइन में लगे थे।
इसकी जानकारी एसओ दिनेश गौतम को मिली। इस पर वे तीन गाड़ियों में पीएसी व पुलिस के जवानों को लेकर लगभग दस बजे गांव में पहुंचे। एसओ ने सिपाहियों के साथ मिलकर भीड़ को खदेड़ा और लाइन में बिना मास्क के लगे लोगों को बाहर निकालकर खदेड़ा।
मतदान केंद्र के अंदर की भीड़ को सामाजिक दूरी के साथ लाइन में खड़ा करवाया गया। एसओ ने बिना मास्क के लाइन में लगी महिलाओं से कहा कि दूसरों के लिए न सही अपने जीवन से क्यों खिलवाड़ कर रही हो। मास्क लगाकर मतदान करो। लेकिन महिलाओं ने कोई ध्यान नहीं की।