कंपिल। रुटौल उपकेंद्र पर भटासा फीडर की वीसीबी (वैक्यूम सर्किट ब्रेकर) में आई खराबी से रविवार रात क्षेत्र के 50 गांवों की बिजली गुल रही। इससे लोगों की नींद हराम हो गई। सोमवार सुबह बिजली मिलने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
उपकेंद्र के भटासा फीडर की वीसीबी में खराबी आने से शाम 6 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे गांव मझोला, रानीपुर गौर, त्यौरखास, इजोर, अहियापुर, मोहद्दीनपुर, आलियापुर, दारापुर, बिराहिमपुर, गढ़ी, लुखड़ापुर, करनपुर, सुजातपुर सहित करीब 50 गांवों में अंधेरा पसर गया। मोमबत्ती जलाकर घरों में काम निपटाए गए। रात भर बिजली न आने से लोग गर्मी में परेशान रहे। सोमवार सुबह करीब 7 बजे कर्मचारियों ने वीसीबी ठीक कर आपूर्ति बहाल की। कायमगंज ग्रामीण क्षेत्र के अवर अभियंता मनोज कुमार ने बताया वीसीबी में फॉल्ट आने से दिक्कत हो गई थी। फॉल्ट सही कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
आज चार घंटे बंद रहेगा कचहरी व पुलिस लाइन फीडर
फर्रुखाबाद। एसडीओ अजय कुमार ने बताया कि कुटरा उपकेंद्र के कचहरी व पुलिस लाइन फीडर पर मंगलवार को मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसमें एचटी लाइन में छूने वाली पेड़ की टहनियों की छंटाई की जाएगी। इससे दोनों फीडर सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे बंद रहेंगे। इस दौरान दोनों फीडरों से जुड़े पुलिस लाइन, कलक्ट्रेट, विकास भवन के अलावा मोहल्ला ग्वालटोली, तिर्वा कोठी आदि मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। मरम्मत कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। संवाद