झांसी से गिट्टी लेकर आया ट्रक का चालक मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शौच के लिए गया था। काफी देर तक वापस न आने पर उसके साथी हेल्पर ने उसकी खोजबीन की तो चालक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
जनपद हमीरपुर थाना जलालपुर क्षेत्र के गांव पुरैनी निवासी ट्रक चालक इशरार (35) पुत्र नाजिर मंसूरी झांसी से ट्रक में गिट्टी भरकर रजीपुर आया था। उसके साथ थाना जलालपुर क्षेत्र के ही गांव निहारा निवासी हेल्पर बब्लू राजपूत पुत्र छोटेलाल भी था।
सोमवार रात वह ट्रक लेकर भटपुरा मोड़ के निकट स्थित गैस एजेंसी के पास पहुंचा और वहीं गिट्टी उतारी। गिट्टी उतारने के बाद चालक व हेल्पर पास में एक ढाबा पर रुक कर आराम करने लगे।
मंगलवार सुबह करीब 5.30 बजे वह सबलपुर गांव के निकट स्थित बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर पहुंचे। ट्रक खड़ा कर चालक इशरार शौच करने के लिए चला गया। काफी देर तक वापस न आने पर हेल्पर ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी।
इस पर पहुंची पुलिस ने हेल्पर बब्लू के साथ चालक की खोजबीन शुरू की। इस दौरान चालक का शव कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक पर मिला। शव के पास पानी की बोतल पड़ी थी। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
इसके बाद यूपी 100 पुलिस ने मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी। थाने से दरोगा मो. सरताज व खुदागंज चौकी प्रभारी उदयवीर सिंह मौके पर पहुंचे। दरोगा उदयवीर सिंह ने हेल्पर बब्लू से पूछताछ की।
हेल्पर ने बताया कि वह 6 बजे के करीब शौच के लिए गया था। इसके कुछ देर बाद कानपुर की ओर जाने को एक पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी। उसी की चपेट में आने से चालक की मौत हुई है। दरोगा मो. सरताज ने शव का पोस्टमार्टम कराया।