खाद व्यापारी के अपहरण का मुख्य आरोपी गया जेल
फर्रुखाबाद। खाद व्यापारी के अपहरण के मुख्य आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। उसके पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस बरामद किया।
जनपद कन्नौज कोतवाली गुरसहायगंज के मोहल्ला पटेल नगर निवासी खाद व्यापारी विकास गुप्ता की मुरादगंज में दुकान है। गुरुवार को बोलेरो सवार बदमाशों ने विकास व उसके पल्लेदार असलम का अपहरण कर लिया था। अपहरण की साजिश चौकी सरह के गांव नगला दुर्गूपुर निवासी रंजीत ने अपने साथियों के साथ बनाई थी।
इसको लेकर उसने हिस्ट्रीशीटर चाचा राम मिस्टर यादव से संपर्क किया था। रंजीत ने 20 लाख रुपये मेें अपहृत को चाचा को सौंपने की बात तय की थी। राम मिस्टर ने व्यापारी के परिजनों को फोन करके 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने शुक्रवार रात राम मिस्टर सहित चार लोगों को पकड़ लिया था।
कन्नौज पुलिस ने पकड़े गए चारों लोगों को जेल भेज दिया था। शनिवार को एसओजी व फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने राम मिस्टर के भतीजे रंजीत को बरगदिया घाट की कटरी से मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।
कोतवाल जय प्रकाश पाल ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ व अवैध शस्त्र में मुकदमा दर्ज करने के बाद कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। देर रात पुलिस ने गांव राजा नगला निवासी एक युवक व उसके साथी को पकड़ लिया। दोनों पर अपहृत की निगरानी का आरोप है। कोतवाल को इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।