मोके पर मौजूद सीओ कायमगंज व पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद। खेत से चकरोड निकाले जाने का विरोध कर महिलाओं ने हंगामा कर काम बंद करवा दिया। वह निर्माणाधीन चकरोड पर बैठ कर विरोध करने लगी। ईओ की सूचना पर तीन थानों की पुलिस व एसएडीम व सीओ कायमगंज ने जाकर महिलाओं को समझाकर शांत किया। महिलाओं के वापस जाने के बाद समतलीकरण का काम चालू कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला इमली दरवाजा से दाउदगिरा तक 500 मीटर की चकरोड का काम एक सप्ताह पहले नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आशीष कुमार ने शुरू कराया था। इमली दरवाजा के ही खुर्शीद खां, खुशनूर, मसूद खां, ममनूम का कहना है कि चक रोड उनके खेत से निकाली जा रही है। इसको लेकर हाईकोर्ट का स्टे है। ईओ ने इन लोगों को समझाया कि जिन नंबरों से चकरोड निकाली जा रही है उनके खेत नहीं है। सोमवार को चकरोड का निर्माण होने पर ग्रामीणों के परिवार की महिलाओं ने पहुंचकर काम बंद करवा दिया। वे चकरोड पर ही बैठ गईं।
ईओ की सूचना पर एसओ आरके रावत, नवाबगंज, मेरापुर की पुलिस मौके पर आ गई। कुछ देर बाद एसडीएम कायमगंज सुनील कुमार, सीओ कायमगंज राजवीर सिंह गौर, तहसीलदार प्रदीप कुमार, नायब तहसीलदार पवन कुमार भी मौके पर आ गए। पूर्व चेयरमैन विजय गुप्ता भी समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। एसडीएम ने महिलाओं को समझाया कि चक रोड उनके खेत से नहीं बनाई जा रही है। इसके बाद भी अगर काम नहीं करने दिया जाएगा तो पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। इस पर महिलाएं वहां से चली गई। अधिकारियों की मौजूदगी में चकरोड के लिए समतलीकरण का काम शुरू करवाया गया।