शमसाबाद। जानवरों के लिए घास लेने गए चौकीदार व उसकी पत्नी बिजली के टूटे तार की चपेट में आ गए। पत्नी की करंट से मौके पर मौत हो गई। चौकीदार के हाथ झुलस गए।
थाना क्षेत्र के गांव हजियांपुर निवासी महिमा चंद्र चौकीदार है। सोमवार सुबह लगभग दस बजे पत्नी नन्हीं देवी (65) के साथ खेत से जानवरों के लिए घास काटने गया था। गांव उलियापुर बलीपुर भगवंत निवासी पूर्व प्रधान भूपेंद्र के खेत में लगे कटीले तार के पास से वह घास काट रहा था। कटीले तारों के ऊपर बिजली का तार टूटा पड़ा था। महिमाचंद्र कटीले तार में करंट आने से चिपक गया। पत्नी नन्हीं देवी ने बचाने का प्रयास किया। चौकीदार तो बच गया लेकिन नन्हीं देवी की मौके पर ही करंट लगने से मौत हो गई। करंट से चौकीदार के हाथ झुलस गए। चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नन्हीं देवी की मौत से पुत्र रामनिवास, मुकेश कुमार व पुत्री सरला तथा गुड़िया का रो-रो कर बुरा हाल था।