फर्रुखाबाद। डीके स्पोर्ट्स कांप्लेक्स याकूतगंज मैदान में चल रहे अंडर-16 चैलेंजर कप क्रिकेट टूर्नामेंट में पठानिया क्रिकेट क्लब मध्य प्रदेश ने हरदोई फाइटर्स को 35 रनों से करारी शिकस्त दी। मध्य प्रदेश की टीम के सामने हरदोई फाइटर्स के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। मैन ऑफ द मैच राज पाठक को चुना गया।
पठानिया क्रिकेट क्लब मध्य प्रदेश के कप्तान देवांश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। ओपनिंग करने आए अरुण प्रताप और कप्तान देवांश शर्मा ने अच्छी शुरुआत दी। टीम का पहला विकेट 29 रनों पर कप्तान देवांश (आठ रन) के रूप में गिरा। इसके बाद आए बल्लेबाजों ने संभलकर पारी को आगे बढ़ाना शुरू किया। 73 रनों पर हरदोई फाइटर्स ने विरोधी टीम को दो झटके दिए।
पठानिया क्रिकेट क्लब ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 172 रन बनाए। अरुण प्रताप ने 38, सत्यम शर्मा ने 17, तनिष तोमर ने 46 व राज पाठक ने 28 रनों की पारी खेली। फैजान ने दो, निखिल, विशाल और शिवा गुप्ता ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरदोई फाइटर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। गेंदबाज कमल मीना ने ओपनिंग करने आए कप्तान निखिल को पहली गेंद पर ही विकेट के पीछे कैच आउट करा दिया।
इसके बाद हरदोई फाइटर्स के बल्लेबाज रनों के लिए जद्दोजहद करते रहे। पूरी टीम 20वें ओवर में 137 रनों पर ढेर हो गई। फैजान खान ने 31, अनिकेत वर्मा ने 43 और विशाल ने 28 रन बनाए। तीन विकेट व 28 रन बनाने वाले राज पाठक को स्टेडियम के संचालक राशिद खां ने मैन ऑफ द मैच की ट्राॅफी प्रदान की। अंपायरिंग रफीकुल अंसारी और मोहम्मद अहमद खां ने की। इस अवसर पर मैनेजर राज वर्मा, दानिश खान व शिवम सागर आदि मौजूद रहे।