बीए तृतीय वर्ष का परीक्षा परिणाम रुकने के कारण छात्र-छात्राएं एमए में
प्रवेश पाने के लिए भटक रहे हैं। परिणाम जाननेे के लिए कालेज की दौड़ लगा
रहे हैं। बीए प्रथम वर्ष में दाखिला पाने के लिए फार्म जमा करने की होड़
है। 18 जुलाई को बद्रीविशाल कालेज की मेरिट सूची जारी होगी। एडमिशन फीस ई
चालान से बैंक में जमा होगी।
शहर के बद्रीविशाल महाविद्यालय में बीए
प्रथम वर्ष में 1140 सीटें हैं। एमए के सात विषयों की 420 सीटों पर दाखिला
पाने के लिए छात्र-छात्राएं कालेज की दौड़ लगा रहे हैं। बीए तृतीय वर्ष के
लगभग 500 परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक
कानपुर विवि. न पहुंचने के कारण रुक गया है। इस कारण बीए तृतीय वर्ष
उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राएं एमए
में प्रवेश पाने के लिए भटक रहे
हैं। यह रोज परीक्षा परिणाम की जानकारी करने कालेज आते हैं और कुछ पता नहीं
चलने पर निराश होकर लौट जाते हैं। बीए प्रथम वर्ष में दाखिला पाने के लिए
फार्म जमा करने को छात्र छात्राओं की भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार को कई
छात्र छात्राओं ने फार्म जमा किए।
प्राचार्य एके चतुर्वेदी ने बताया कि
बीए तृतीय वर्ष के जिन छात्र-छात्राओं के प्रयोगात्मक परीक्षा संबंधी
अभिलेख कानपुर विश्वविद्यालय भेज दिए गए हैं। इसके बाद भी परीक्षा परिणाम
घोषित नहीं हुआ है। इस कारण एमए में एडमिशन के लिए मेरिट सूची जारी करने
में दिक्कत आ रही है। इस कारण प्रवेश प्रक्रिया अधर में लटकी हुई है। बीए
प्रथम वर्ष में दाखिले के
लिए 18 जुलाई को प्रथम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
इसके बाद प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ होगी। इस बार छात्र छात्राओं को फीस ई
चालान से बैंक में जमा करनी होगी।