पत्रकारों से वार्ता करते परिवहन राज्य मंत्री मानपाल सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए परिवहन राज्यमंत्री मानपाल सिंह ने कहा कि रोडवेज बस अड्डे से सवारियां बैठाने वाले डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है। मगर वह इसकी अनदेखी कर रहा है। इससे रोडवेज को घाटा लग रहा है।
रविवार को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान परिवहन राज्य मंत्री ने रोडवेज बस अड्डे के बाहर खड़े होने वाले डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश एसडीएम और सीओ सिटी को दिए। एआरटीओ कार्यालय में अधिकारी और कर्मचारियों के न होने संबंधी सवाल पर राज्यमंत्री ने कहा कि इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। अगर एआरटीओ प्रशासन संजीव गुप्ता का तबादला हुआ है और उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है तो इस संबंध में आरटीओ से जानकारी की जाएगी।
अगर संजीव गुप्ता कार्यभार ग्रहण नहीं कर रहे हैं तो उनके स्थान पर दूसरे की तैनाती कराई जाएगी। कर्मचारियों की भी कमी दूर कराई जाएगी। कहा कि जो अधिकारी कार्यालय में बैठकर जनता के काम नहीं करते उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। रोडवेज बसों की कमी पर राज्यमंत्री ने बताया कि जिले में कुल 85 बसें हैं। इनमें से आठ निष्प्रयोज्य हो गई हैं। इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है, जिसे दिखवाया जाएगा। जिले को नई बसें दिलाने का प्रयास होगा।
निर्माणाधीन बस अड्डे के निर्माण में मानक की अनदेखी होने के सवाल पर उन्होंने बताया कि समाज कल्याण निर्माण निगम इसका निर्माण करा रहा है। अगर निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है तो जांच कराकर भुगतान रोकने या कटौती कर भुगतान किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम सदर सुरेंद्र कुमार सिंह, सीओ सिटी लेखराज समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।