नवाबगंज। वजीफा के रुपये बैंक से निकालकर साइकिल से जा रहे छात्र को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। बाइक सवार तीनों युवक छात्र के आठ हजार लूट कर भाग गए। तहरीर देने के बाद भी पुलिस मौके पर जांच करने नहीं गई।
क्षेत्र के गांव कलौली निवासी विजयपाल का पुत्र उपनेश कुमार कक्षा 11 का छात्र है। सोमवार को उपनेश कुमार आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शुकरुल्लापुर से वजीफा के आठ हजार रुपये निकालकर साइकिल से शाम को घर वापस जा रहा था। उपनेश गांव के संपर्क मार्ग पर पहुंचा तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक आए। युवकों ने बाइक से साइकिल में टक्कर मारकर उपनेश को गिरा दिया। तीनों युवकों ने उपनेश से वजीफे के आठ हजार रुपये लूट लिए और बाइक से भाग गए। छात्र ने घर पहुंचकर परिजनों को लूट की जानकारी दी। पिता विजयपाल ने थाने में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ पुत्र से आठ हजार रुपये लूटने की तहरीर दी। पिता विजय पाल ने बताया कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस जांच करने नहीं पहुंची। एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि इस मामले में उनको कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।