मोहम्मदाबाद। डाकघर में डाकपाल से तमंचे के बल पर नगदी व डाक टिकटों से भरा थैला लूटने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस दो लोगों को हिरासत में भी लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मौधा निवासी मनोज कुमार गांव मदनपुर के मजरा ऊगरपुर स्थित डाकघर में डाकपाल के पद पर तैनात हैं। शनिवार दोपहर एक बजे वे काम कर रहे थे। तभी ऊगरपुर गांव का एक दबंग चार साथियों के साथ डाकघर पहुंचा। उसने खाते में रुपया जमा करने की बात कही। मनोज जब तक उससे आगे बात करते अचानक दबंग ने उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि दबंग उनको तमंचा दिखाकर बैग ले गए। बैग में 12 हजार 4 सौ रुपये, एक हजार से अधिक की डाक टिकटें, डाकघर की मुहरें, लॉकर की चाबियां थीं। शोर सुनकर गांव के लोग डाकघर की तरफ आए, वहां से भाग रहे चार अन्य युवकों के नाम भी बताए। मनोज ने दबंग सहित पांच के खिलाफ लूट की तहरीर दी है। कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। मदनपुर चौकी इंचार्ज दिग्विजय सिंह ने इस मामले में नामजद दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है।