स्वच्छ भारत मिशन के तहत शनिवार को पूर्वोत्तर मंडल इज्जत नगर के वरिष्ठ
मंडल चिकित्सा अधिकारी ने रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म पर गंदगी देख उन्होंने नाराजगी जताई।
उन्होंने यात्रियों से मूंगफली के छिलके उठवाकर डस्टबिन में डलवाए।
उन्होंने आरपीएफ और जीआरपी को निर्देश दिए कि गंदगी करने वालों से जुर्माना
वसूला जाए।
वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डा.एसएस चौहान के आने की खबर
पर सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था शुरू करवाई गई। रेलवे स्टेशन
परिसर के बाहर चूना का छिड़काव करवाया गया था। टिकट घर खिड़की, बरामदे और
वीआईपी यात्री प्रतीक्षालय में सफाई करवाई गई।
दोपहर को सड़क मार्ग से
वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने
प्लेटफार्म 1, 2, 3, 4 और 5 का जायजा लिया। इस दौरान प्लेटफार्मों पर गंदगी
देख नाराजगी जताई। प्लेटफार्म संख्या 5 पर यात्री मुकेश कुमार मूंगफली
खाकर छिलके जमीन पर फेंक रहा था।
यह देख उन्होंने यात्री को हड़काया कि
प्लेटफार्म पर गंदगी न फैलाएं और कूड़ा डस्टबिन में डालें। इस पर यात्री ने
मूंगफली के छिलके उठाकर डस्टबिन में डाले। वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी
ने आरपीएफ और जीआरपी प्रभारी को निर्देश दिए कि गंदगी फैलाने वाले लोगों से
500 रुपये जुर्माना वसूला जाए। इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश
श्रीवास आदि मौजूद रहे।