फोटो-23 लोहिया अस्पताल के दवा काउंटर पर लगी भीड़। संवाद
फर्रुखाबाद। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को खुली ओपीडी में मरीजों की खासी भीड़ रही। मगर ओपीडी को सुबह 11.30 बजे ही बंद कर दिया गया। पूरे दिन खुलने की आस में दूरदराज से आए मरीजों को बिना इलाज ही लौटना पड़ा। इससे खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बदलते मौसम में मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। रविवार को लोहिया अस्पताल बंद रहने के बाद सोमवार को ओपीडी खुली। मरीजों की लंबी कतारें लगीं। मरीजों को दोपहर दो बजे तक ओपीडी में इलाज मिलने की उम्मीद थी, मगर 11.30 बजे ही पर्चा बनना बंद कर दिए गए। बाद में आने वाले मरीजों को ओपीडी आधे दिन की होने की बात कहकर वापस कर दिया। इससे मरीज परेशान रहे।
सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि मंगलवार को भी ओपीडी सुबह 11.30 बजे तक खुलेगी। जबकि बुधवार को पूरे दिन अवकाश रहेगा। बृहस्पतिवार को मरीजों को दिन भर इलाज किया जाएगा। बताया कि गंभीर मरीजों को इमरजेंसी में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहेंगी।